Uttarakhand: 25 दिनों में चारधाम यात्रा ने बनाया नया रिकॉर्ड, 12.60 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

उत्तराखण्ड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष नए कीर्तिमान की ओर तेजी से बढ़ रही है। यात्रा शुरू होने के महज 25 दिनों के भीतर ही चारों धामों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 12 लाख 60 हजार के पार पहुंच गई है। विशेष रूप से केदारनाथ धाम को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है, जहां 22 दिनों में ही 5 लाख 23 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।

राज्य सरकार ने यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम की संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रतिकूल मौसम की स्थिति में भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे।

चारधामों में अब तक पहुंचे श्रद्धालु

19 अप्रैल से शुरू हुई यात्रा के दौरान 13 मई तक कुल 12 लाख 60 हजार से अधिक श्रद्धालु चारधाम पहुंच चुके हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार—

  • केदारनाथ धाम – 5,23,582 श्रद्धालु
  • बदरीनाथ धाम – 3,24,081 श्रद्धालु
  • गंगोत्री धाम – 2,05,425 श्रद्धालु
  • यमुनोत्री धाम – 2,07,390 श्रद्धालु पहुंचे हैं।

वहीं मंगलवार को एक ही दिन में 80,401 श्रद्धालुओं ने चारों धामों में दर्शन किए। इनमें सबसे अधिक 32,423 श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे, जबकि बदरीनाथ धाम में 21,260, यमुनोत्री धाम में 13,403 और गंगोत्री धाम में 13,315 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

पुनर्निर्माण कार्यों से बढ़ा श्रद्धालुओं का उत्साह

कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद केदारनाथ यात्रा में लगातार रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत केदारनाथ धाम में हुए पुनर्निर्माण कार्यों और राज्य सरकार द्वारा यात्रा मार्ग पर की गई व्यवस्थाओं का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। बेहतर पैदल मार्ग, स्वास्थ्य सुविधाएं, डिजिटल मॉनिटरिंग और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था के चलते यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुरक्षित बनी है।

पिछले चार वर्षों में रिकॉर्ड श्रद्धालु पहुंचे

वर्ष 2022 से 2025 तक के आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले चार वर्षों में कुल 69 लाख 45 हजार 487 श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच चुके हैं।

  • वर्ष 2022 – 15,64,248 श्रद्धालु
  • वर्ष 2023 – 19,58,863 श्रद्धालु
  • वर्ष 2024 – 16,53,581 श्रद्धालु
  • वर्ष 2025 – 17,68,795 श्रद्धालु

मुख्यमंत्री बोले- श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्लॉट मैनेजमेंट, भीड़ नियंत्रण और रियल टाइम डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से यात्रा को व्यवस्थित बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्यों के बाद धाम दिव्य और भव्य स्वरूप में विकसित हुआ है। साथ ही यात्रा मार्ग को बेहतर बनाए जाने से श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक आसान और सुरक्षित हुई है। सरकार मौसम की हर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *