Uttarakhand सीएम धामी सख्त, सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाने और भू कानून उल्लंघन पर कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कानून व्यवस्था, सरकारी भूमि संरक्षण, मानसून तैयारियों और चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए सरकारी कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया।

सोमवार को खटीमा स्थित अपने निजी आवास से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम सभाओं में स्थित सरकारी जमीनों की भी जांच करने को कहा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भू कानून का उल्लंघन कर खरीदी गई जमीनों की जांच कर त्वरित सुनवाई की जाए और नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित भूमि को राज्य सरकार में निहित किया जाए।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राज्य में स्थित शत्रु संपत्तियों पर हुए अवैध कब्जों को हटाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि वक्फ संपत्तियों का पूरा ब्योरा उम्मीद पोर्टल पर दर्ज किए जाने की नियमित समीक्षा हो और उसकी समय-समय पर जांच भी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने अन्य राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंसों की जांच करने तथा आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों को चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनसेवा केंद्रों की जांच कर अवैध राशन कार्ड बनाकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले अपात्र लोगों को चिन्हित करने को भी कहा। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने और वेरिफिकेशन अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

आगामी मानसून सीजन को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिलों को पूर्व तैयारियां समय रहते पूरी करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक जिले में मानसून पूर्व समीक्षा बैठक आयोजित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। मुख्यमंत्री ने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत समयबद्ध तरीके से पूरी करने तथा ग्रीष्मकाल को देखते हुए पेयजल आपूर्ति सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने ऊर्जा विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश में किसी भी स्थिति में अनावश्यक बिजली कटौती न की जाए। यदि किसी कारण बिजली कटौती आवश्यक हो तो इसकी पूर्व सूचना समय रहते जनता तक पहुंचाई जाए, ताकि लोगों को परेशानी न हो।

बैठक में चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यात्रा की नियमित मॉनिटरिंग करने, श्रद्धालुओं से फीडबैक लेने तथा शिकायतों के आधार पर व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा मार्गों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने मानसखंड यात्रा के अंतर्गत कैंची धाम बाईपास निर्माण कार्य को अगले माह तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कृषि एवं उद्यान विभाग को पॉली हाउस, एप्पल मिशन और कीवी मिशन जैसी योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने को कहा।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने ज्योतिर्मठ में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी लेते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *