मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज थराली में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान स्पष्ट शब्दो मे कहा कि राज्य सरकार करप्शन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर दृढ़ है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह बयान उस समय आया जब थराली में निर्माणाधीन पुल के गिरने की हालिया घटना पर सवाल उठे। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस गंभीर लापरवाही पर त्वरित संज्ञान लेते हुए तीनों संबंधित इंजीनियरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जनता की मेहनत की कमाई की सुरक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुल निर्माण के दौरान जो भी धन बर्बाद हुआ है, उसकी भरपाई वही ठेकेदार करेगा, जिसे टेंडर दिया गया था।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी जनता के हितों की अनदेखी करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। सीएम ने कहा कि भ्रष्टाचार और लापरवाही के लिए अब उत्तराखंड में कोई जगह नहीं है।