केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं को वीआईपी दर्शन कराने का झांसा देकर हजारों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को रुद्रप्रयाग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खुद को आईआरसीटीसी एजेंट बताकर यात्रियों से धनराशि वसूल रहा था। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया है।
10 श्रद्धालुओं से 30 हजार रुपये की ठगी
पुलिस के अनुसार, 8 जून को केदारनाथ चौकी में सूचना मिली कि चिराग नामक व्यक्ति एक स्थानीय व्यक्ति और होटल संचालक के साथ मिलकर यात्रियों को वीआईपी दर्शन कराने का झांसा दे रहा है। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने एक समूह के 10 श्रद्धालुओं से प्रति व्यक्ति 3,000 रुपये लेकर कुल 30,000 रुपये की ठगी की है।
धाम परिसर से दबोचा गया आरोपी
शिकायत मिलते ही केदारनाथ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को केदारनाथ धाम परिसर से हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से धोखाधड़ी की रकम में से 5,000 रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में कबूला अपराध
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह एक स्थानीय व्यक्ति के साथ मिलकर इस अवैध गतिविधि को अंजाम दे रहा था। मामले में अन्य संदिग्ध की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उसके खिलाफ विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।
बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज
इस मामले में कोतवाली सोनप्रयाग में मुकदमा अपराध संख्या 26/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 319(2) और 317(2) के तहत कार्रवाई की गई है। वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार चमोली भेज दिया गया।
हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान चिराग पुत्र चुन्नी लाल निवासी ग्राम बतल, पोस्ट भामला, थाना बल्दवाड़ा, जिला मंडी, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है।
श्रद्धालुओं से पुलिस की अपील
रुद्रप्रयाग पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केदारनाथ धाम में किसी भी अज्ञात व्यक्ति के झांसे में न आएं। दर्शन, पंजीकरण अथवा अन्य व्यवस्थाओं के लिए केवल अधिकृत और आधिकारिक माध्यमों का ही उपयोग करें। यदि कोई व्यक्ति वीआईपी दर्शन या अन्य सुविधाओं के नाम पर धन की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम पुलिस चौकी या आपातकालीन नंबर 112 पर दें।
Tags: #Kedarnath #VIPDarshanFraud #IRCTCAgent #RudraprayagPolice #UttarakhandPolice #KedarnathYatra #FraudCase #CrimeNews #PilgrimSafety #Sonprayag #UttarakhandNews
