आगामी चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए जिला प्रशासन और सभी संबंधित विभागों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

ऋषिकुल मैदान में बनाया गया ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र

चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ऋषिकुल मैदान में ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र स्थापित किया गया है, जहां पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पहले दिन मध्य प्रदेश के शहडोल से आए 7 सदस्यीय दल का पंजीकरण किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने यात्रियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की।

पर्यटन विभाग ने बनाये 20 काउंटर

पर्यटन विभाग ने बनाए गए पंजीकरण केंद्र में 20 काउंटर 24×7 संचालित होंगे, जहां तीन शिफ्टों में कर्मचारी तैनात किए गए हैं। आधार कार्ड से पंजीकरण न होने की स्थिति में फेस स्क्रीनिंग और अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी की गई हैं। साथ ही 15 मोबाइल टीमें धर्मशालाओं और आश्रमों में जाकर यात्रियों का पंजीकरण करेंगी।

स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेष काउंटर

स्वास्थ्य विभाग ने यात्रियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेष काउंटर स्थापित किए हैं, जहां डॉक्टरों की टीमें दवाइयों और उपकरणों के साथ तैनात हैं। एंबुलेंस सेवाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

स्वच्छ पेयजल के लिए केंद्र पर स्थापित किया स्टैंड पोस्ट

जल संस्थान विभाग ने स्वच्छ पेयजल के लिए पंजीकरण केंद्र पर स्टैंड पोस्ट स्थापित किए हैं और शौचालयों में पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की है।

निगम ने अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था

नगर निगम ने अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था की गई है। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग 10-10 सीट वाले शौचालय बनाए गए हैं। सफाई व्यवस्था के लिए 16 कर्मचारी तीन शिफ्टों में तैनात हैं, जबकि यात्रा मार्गों पर 105 सफाई कर्मी लगाए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था को पुलिस बल तैनात

पुलिस विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया है। 7 अस्थायी पुलिस चौकियां और 10 पर्यटन पुलिस बूथ बनाए गए हैं। साथ ही घाटों पर जल पुलिस और पीएसी की तैनाती की गई है।

 आपदा प्रबंधन ने कंट्रोल रूम किया सक्रिय

जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने 24×7 कंट्रोल रूम सक्रिय किया है। आपात स्थिति में सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1077 सहित अन्य नंबर जारी किए गए हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात की गई हैं।

पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त ईंधन भंडारण के निर्देश

पूर्ति विभाग ने जनपद के 219 पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त ईंधन भंडारण के निर्देश दिए हैं। साथ ही एलपीजी गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एजेंसियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

वाहनों की फिटनेस जांच और ग्रीन कार्ड प्रक्रिया जारी

परिवहन विभाग ने वाहनों की फिटनेस जांच और ग्रीन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया जारी है। अब तक 1843 वाहनों के ग्रीन कार्ड बनाए जा चुके हैं।

दुकानदारों को रेट लिस्ट प्रदर्शित करने के निर्देश

खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंट में जांच कर रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को शुद्ध और गुणवत्तायुक्त भोजन मिल सके। दुकानदारों को रेट लिस्ट प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

विद्युत विभाग ने निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की बात कही है।

किफायती दरों पर भोजन और स्थानीय उत्पाद कराए उपलब्ध

ग्राम्य विकास विभाग ने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से किफायती दरों पर भोजन और स्थानीय उत्पाद उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिल रहा है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें और कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, ताकि यात्रा सभी के लिए सुखद और व्यवस्थित बनी रहे।