आगामी चारधाम यात्रा का भव्य शुभारंभ शनिवार को ऋषिकेश में हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए चारधाम जाने वाली बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण भी किया।
मुख्यमंत्री ने देशभर से आए श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा आस्था, साधना और आत्मा को जोड़ने का पवित्र मार्ग है, जो हर कठिनाई को पार करने की शक्ति प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि यात्रा को सुगम, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य बनाया जाए, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु को आध्यात्मिक ऊर्जा और आत्मिक शांति का अनुभव हो।
पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मां गंगा के आशीर्वाद से यह यात्रा हर वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। राज्य सरकार यात्रा की तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रही है और हर श्रद्धालु को सुरक्षा, सम्मान और बेहतर अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने यात्रियों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि देवभूमि की पवित्रता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में इस वर्ष “ग्रीन चारधाम यात्रा” और प्लास्टिक मुक्त केदारनाथ धाम का लक्ष्य रखा गया है। यात्रा मार्गों पर नियमित सफाई और वाहनों में डस्टबिन रखना अनिवार्य किया गया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से यात्रा को और सुगम बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर और ऑल वेदर रोड परियोजना शामिल हैं। इसके अलावा केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्य तेजी से जारी है, जबकि गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब में भी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा राज्य की अर्थव्यवस्था और स्थानीय रोजगार का भी महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने श्रद्धालुओं से स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सरकार यात्रियों की सुविधा और स्वास्थ्य को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने यात्रियों से यात्रा से पूर्व स्वास्थ्य जांच कराने और सरकार द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि केदारनाथ में मेडिकल अस्पताल तैयार हो चुका है और बद्रीनाथ में 50 बेड का अस्पताल जून तक तैयार हो जाएगा।
वहीं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि परिवहन विभाग द्वारा यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। सिंगल लेन सड़कों और लैंडस्लाइड जोन में शटल सेवा शुरू की गई है तथा यात्रियों को जानकारी देने के लिए विभिन्न स्थानों पर एलईडी स्क्रीन भी लगाई जा रही हैं।
कार्यक्रम में विधायक प्रेमचंद्र अग्रवाल, मेयर शंभू पासवान, हेमकुंड गुरुद्वारा ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत बिंद्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
