उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत सोमवार से प्रदेश के सभी मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित करने का अभियान शुरू किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सभी मतदाताओं से बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को सहयोग देने की अपील की है, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा किया जा सके।
11,733 बीएलओ को उपलब्ध कराए गए गणना फॉर्म
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के सभी 11,733 बीएलओ को गणना फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। अभियान के तहत प्रत्येक मतदाता तक गणना फॉर्म पहुंचाया जाएगा। आगामी 7 जुलाई तक एक माह की अवधि में बीएलओ प्राप्त फॉर्मों को बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटाइज करेंगे।
घर पर नहीं मिलने पर ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा
डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि नौकरी या अन्य कारणों से दिन में घर पर उपलब्ध न रहने वाले मतदाता “बुक ए कॉल विद बीएलओ” फीचर का उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए मतदाता मतदाता सेवा पोर्टल या ईसीआई-नेट मोबाइल एप के माध्यम से अपने बीएलओ के साथ कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के दो दिन के भीतर संबंधित बीएलओ मतदाता से संपर्क करेगा।
तीन बार घर पहुंचेगा बीएलओ, स्टीकर पर छोड़ेगा जानकारी
उन्होंने बताया कि यदि क्षेत्र भ्रमण के दौरान कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता है तो बीएलओ तीन बार उसके घर जाएगा। प्रत्येक विजिट के दौरान बीएलओ घर पर स्टीकर लगाकर अगली विजिट की तिथि और अपना मोबाइल नंबर दर्ज करेगा, ताकि मतदाता सुविधानुसार संपर्क कर गणना फॉर्म भरवा सकें।
नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो उपलब्ध कराने की अपील
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से गणना फॉर्म के साथ अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो भी बीएलओ को उपलब्ध कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इससे मतदाता सूची को अधिक अद्यतन और सटीक बनाने में मदद मिलेगी।
14 जुलाई को प्रकाशित होगी प्रारूप मतदाता सूची
उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को प्रारूप मतदाता सूची (ड्राफ्ट रोल) प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया जाएगा। वहीं, 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक नोटिस जारी कर दावे-आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा।
15 सितंबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
ईसीआई-नेट एप से स्वयं भी भर सकते हैं गणना फॉर्म
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने बताया कि मतदाता स्वयं भी ईसीआई-नेट एप के माध्यम से गणना फॉर्म डाउनलोड कर उसे भरकर ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं। इससे मतदाताओं को सुविधा के साथ प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर मिलेगा।
नए मतदाता फार्म-6 भरकर करा सकेंगे पंजीकरण
उन्होंने बताया कि यदि कोई पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना चाहता है तो वह अपने बीएलओ से संपर्क कर फार्म-6 भर सकता है। दावे और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया के दौरान ऐसे आवेदनों पर विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
