Uttarakhand: बदरीनाथ हाईवे पर यात्रियों से भरी बस पलटी, सात घायल

बदरीनाथ हाईवे पर चारधाम यात्रा से लौट रहे यात्रियों की एक बस रविवार शाम हादसे का शिकार हो गई। हादसा शिवपुरी क्षेत्र में कलथरी डंपिंग प्वाइंट के पास हुआ, जहां बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। दुर्घटना में सात यात्री घायल हो गए, जबकि अन्य सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार बस संख्या UK14PA0605 बदरीनाथ से हरिद्वार की ओर जा रही थी। बस में ड्राइवर और कंडक्टर समेत कुल 25 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि चलते समय चालक की तरफ की खिड़की अचानक खुल गई। खिड़की बंद करने के प्रयास में चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई।

हादसे की सूचना मिलते ही मुनिकीरेती पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस के मुताबिक सभी घायलों की हालत सामान्य बनी हुई है।

दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने शीघ्र सुचारू करा दिया। बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी बस की व्यवस्था कर उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त बस को भी सड़क से हटवा दिया गया है।

चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ते यातायात दबाव के बीच इस हादसे ने एक बार फिर पर्वतीय मार्गों पर सावधानीपूर्वक वाहन संचालन की आवश्यकता को रेखांकित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *