Uttarakhand: ऊर्जा संसाधनों की बचत राष्ट्रहित में जरूरी, छोटे संकल्पों से मजबूत होगा आत्मनिर्भर भारत: मुख्यमंत्री धामी

पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखते हुए ऊर्जा संसाधनों की बचत करना हम सभी का सामूहिक उत्तरदायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से की गई अपील केवल आर्थिक बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यदि सभी नागरिक अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए छोटे-छोटे संकल्प लें, तो यह देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान साबित होगा। उन्होंने कहा कि अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचना, स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देना, पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करना और ऊर्जा की बचत करना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि एक वर्ष तक स्वर्ण आभूषणों की खरीद से परहेज, खेती में रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर प्राकृतिक खाद का उपयोग तथा खाद्य तेल का संयमित इस्तेमाल जैसे प्रयास भी राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के नागरिक सदैव राष्ट्रहित के कार्यों में अग्रणी रहे हैं। उन्होंने कहा कि “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” का संकल्प तभी सफल होगा जब प्रत्येक नागरिक अपने स्तर पर सक्रिय योगदान देगा।

मुख्यमंत्री धामी ने विश्वास जताया कि राज्य की जनता प्रधानमंत्री के आह्वान को जन आंदोलन का रूप देगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है और सभी नागरिकों की सहभागिता से यह संकल्प और अधिक मजबूत होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *