Uttarakhand: एसआईआर अभियान में जुटे बीएलओ को मिलेगा मोबाइल रिचार्ज भत्ता, निर्वाचन आयोग देगा 350 रुपये

उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में जुटे बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) को मोबाइल डाटा रिचार्ज के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से 350 रुपये का भुगतान किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम की पहल पर प्रदेश के सभी 11,733 बीएलओ को यह सुविधा उपलब्ध कराने संबंधी आदेश जारी कर दिए गए हैं।

घर-घर जाकर वितरित करेंगे गणना फॉर्म

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बताया कि प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके तहत बीएलओ 8 जून से 7 जुलाई तक घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित करेंगे और आवश्यक जानकारियां जुटाएंगे।

बीएलओ ऐप के माध्यम से होगा फॉर्म का डिजिटलीकरण

उन्होंने बताया कि एक माह तक चलने वाले इस अभियान में बीएलओ मतदाताओं से प्राप्त भरे हुए गणना फॉर्मों को “बीएलओ ऐप” के माध्यम से डिजिटल रूप में अपलोड करेंगे। इससे मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में पारदर्शिता और तेजी आएगी।

डाटा की कमी न हो, इसलिए रिचार्ज के लिए दी जाएगी धनराशि

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि फॉर्मों के डिजिटलीकरण और ऑनलाइन अपलोडिंग की प्रक्रिया में बीएलओ को पर्याप्त मोबाइल डाटा की आवश्यकता होगी। इसी को ध्यान में रखते हुए आयोग ने प्रत्येक बीएलओ को एक माह के मोबाइल रिचार्ज प्लान के लिए 350 रुपये की धनराशि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है, ताकि पुनरीक्षण कार्य निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *