मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) समेत विभिन्न विभागों और संस्थाओं के अधीन आने वाली सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए अभी से ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश खत्म होते ही सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए निविदा प्रक्रिया समय से पूरी कर ली जाए।

पुरानी पीएमजीएसवाई सड़कों को भी मिलेगा बजट

मंगलवार को सचिवालय में हुई कैबिनेट बैठक में बैठक में पीएमजीएसवाई के तहत बनी उन पुरानी सड़कों पर भी चर्चा हुई, जिनकी अनुरक्षण अवधि समाप्त हो चुकी है और नियमित रखरखाव नहीं हो पा रहा है। ऐसी सड़कों को दुरुस्त करने के लिए राज्य सरकार की ओर से आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने पर विचार किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ सड़क सुधार की कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

शहरी सड़कों के लिए निकायों को मिलेंगे संसाधन

नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत क्षेत्रों की सड़कों को भी प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाएगा। बैठक में स्थानीय निकायों को सड़क सुधार के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई, ताकि शहरी क्षेत्रों में भी सड़कों की स्थिति बेहतर की जा सके।

अक्टूबर से सड़क मार्ग से प्रदेश का भ्रमण करेंगे सीएम

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह अक्टूबर से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का सड़क मार्ग से भ्रमण करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इससे पहले सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए ठोस और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर एवं सुगम सड़क व्यवस्था के लिए सभी विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा।