आस्था और सनातन परंपरा के प्रतीक केदारनाथ धाम यात्रा का शुभारंभ हो चुका है। भगवान केदारनाथ जी की पावन चल विग्रह डोली आज उनके शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ से विधि-विधान के साथ केदारनाथ धाम के लिए प्रस्थान कर गई।
डोली प्रस्थान के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तों के जयघोष, ढोल-दमाऊं की गूंज और वैदिक मंत्रोच्चार से वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने बाबा केदार की डोली के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस पावन अवसर पर क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
बाबा केदार की यह यात्रा श्रद्धालुओं के लिए आस्था, विश्वास और परंपरा का जीवंत प्रतीक मानी जाती है। डोली यात्रा अपने निर्धारित पड़ावों से होते हुए केदारनाथ धाम पहुंचेगी, जहां मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालु दर्शन कर पुण्य अर्जित करेंगे।
आगामी 22 अप्रैल को प्रातः शुभ मुहूर्त में केदारनाथ धाम के कपाट विधि-विधान, पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
श्रद्धालुओं ने भगवान केदारनाथ से देशवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। डोली यात्रा के साथ ही चारधाम यात्रा को लेकर पूरे उत्तराखंड में धार्मिक उत्साह चरम पर पहुंच गया है।
