कांवड़ मेला में शिवभक्तों का सैलाब लगातार उमड़ रहा है। यात्रा के तीसरे दिन शनिवार को श्रद्धालु गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ कर दिया है।
मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार कांवड़ यात्रा के तीसरे दिन शिवभक्तों की भारी आमद दर्ज की गई। हरिद्वार के प्रमुख घाटों और कांवड़ मार्गों पर पूरे दिन श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने बताया कि बढ़ती भीड़ को देखते हुए यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से संचालित की जा रही हैं। विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी लगातार अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।
प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। इसके साथ ही यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला प्रशासन ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि यात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों का पालन करें, पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें तथा सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित कांवड़ यात्रा के संचालन में सहयोग प्रदान करें।
