उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदल ली है। हरिद्वार में अचानक बारिश और कई स्थानों पर ओलावृष्टि से ठंड बढ़ गई है, वहीं चमोली के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से पहाड़ों ने सफेद चादर ओढ़ ली है। निचले इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। बदले मौसम का असर पहाड़ों के अन्य धामों में भी महसूस किया जा रहा है।
चमोली में बर्फबारी के बाद श्री लक्ष्मण मंदिर और श्री हेमकुंड साहिब का नजारा मनमोहक हो गया है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने से तापमान में गिरावट आई है, जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश के चलते ठंड बढ़ गई है।
वहीं, मौसम के इस बदलाव से बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री सहित अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी ठंड बढ़ने के आसार हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में बदलते मौसम के बीच यात्रियों और पर्यटकों को सतर्क रहने की जरूरत है।

