रक्तदान की आड़ में कथित तौर पर अवैध गतिविधि चलाने वाले गिरोह का लक्सर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी बिना अनुमति गांव-देहात में ब्लड डोनेशन कैंप लगाकर लोगों से रक्त एकत्र कर रहे थे। आरोप है कि एकत्रित रक्त को दूसरे राज्यों में ऊंचे दामों पर बेचने का काम किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 27 यूनिट रक्त और 27 खाली ब्लड बैग बरामद किए गए हैं। इसके अलावा ब्लड कलेक्शन में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और दो वाहन भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ग्रामीण क्षेत्रों में कैंप लगाकर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करते थे। कैंप के लिए आवश्यक अनुमति लिए जाने की बात सामने नहीं आई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि एकत्रित रक्त कहां भेजा जाता था और इस नेटवर्क से और कौन लोग जुड़े हैं।
पुलिस ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का पवित्र कार्य है। इसकी आड़ में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले में आगे की कार्रवाई और जांच जारी है।
