मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में लापता दो श्रमिकों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। बचाव टीमें टनल के भीतर हर संभावित स्थान को बारीकी से खंगाल रही हैं। पानी और मलबे की चुनौती के बीच श्रमिकों तक पहुंचने के लिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है।
रेस्क्यू अभियान के दौरान टनल में जमा पानी को पंपों की मदद से बाहर निकालने का काम लगातार जारी है। इसके साथ ही मलबा हटाया जा रहा है और टनल के भीतर फंसी मशीनों एवं अन्य उपकरणों को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि बचाव दल को आगे बढ़ने के लिए रास्ता मिल सके।
रेस्क्यू टीमें टनल के अलग-अलग हिस्सों में संभावित स्थानों की सघन तलाशी ले रही हैं। अभियान में सामने आ रही हर चुनौती को दूर करते हुए बचाव कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां अभियान की लगातार निगरानी कर रही हैं।
अधिकारियों के अनुसार, लापता दोनों श्रमिकों की तलाश सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए उपलब्ध संसाधनों और मशीनरी का अधिकतम उपयोग किया जा रहा है। बचाव दल पूरी तत्परता के साथ अभियान में जुटे हैं और हरसंभव प्रयास किया जा रहा है कि दोनों श्रमिकों तक जल्द पहुंचा जा सके।
