उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने भारत को वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी दिलाने के संकल्प के साथ 10 अगस्त को हरिद्वार से ऋषिकेश तक विशेष पैदल कांवड़ यात्रा निकालने की घोषणा की है। सोमवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि यात्रा हरकी पैड़ी से शुरू होकर वीरभद्र मंदिर, ऋषिकेश में जलाभिषेक के साथ संपन्न होगी।
रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को खेल महाशक्ति बनाने के संकल्प को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से इस यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर देश को 2036 ओलंपिक की मेजबानी मिलने और खेलों में विश्व अग्रणी बनने की कामना की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ खेल चेतना, राष्ट्र निर्माण और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक होगी। यात्रा में संत समाज, खिलाड़ियों, युवाओं और खेल प्रेमियों की भागीदारी रहेगी। श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के संरक्षक महंत हरि गिरि महाराज और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज भी विभिन्न चरणों में शामिल होंगे। खेल मंत्री ने प्रदेशवासियों से बड़ी संख्या में यात्रा में सहभागी बनने की अपील की।
