दहेज उत्पीड़न और संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत के मामले में देहरादून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मृतका की मां की शिकायत और जांच के दौरान मिले साक्ष्यों, जिनमें मृतका ने अपनी मां को भेजा गया एक वीडियो भी शामिल है, के आधार पर दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विशेष जांच टीम गठित कर जांच क्षेत्राधिकारी डोईवाला को सौंपी थी।

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई को सीमा कंडारी, निवासी श्रीकोट (पौड़ी गढ़वाल), ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर बताया कि उनकी पुत्री सृष्टि कंडारी का विवाह नवंबर 2025 में सौरभ खत्री निवासी लक्ष्मण एन्क्लेव, दिल्ली फार्म, हर्रावाला (देहरादून) के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज के लिए उनकी पुत्री को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। शिकायत में पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद सुरभि खत्री उर्फ चारू पर उनकी पुत्री की हत्या का आरोप लगाया गया।

शिकायत के आधार पर कोतवाली डोईवाला में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विवेचना क्षेत्राधिकारी डोईवाला वंदना वर्मा को सौंपी गई तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने वादी पक्ष और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। इसी दौरान मृतका की मां ने पुलिस को एक वीडियो उपलब्ध कराया, जिसे कथित रूप से मृतका ने घटना से पहले भेजा था। वीडियो में उसने विवाह के बाद से ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने की बात कही थी। पुलिस ने इस वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल किया।

प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 1 अगस्त को नामजद आरोपी सौरभ खत्री (36 वर्ष) और उसकी बहन सुरभि खत्री उर्फ चारू (37 वर्ष) को उनके हर्रावाला स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।