नगीना सांसद चंद्रशेखर आज़ाद मंगलवार शाम कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रतापनगर के देवल गांव पहुंचे और हाल ही में केतन की मौत के मामले में पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास का भरोसा दिया।
सांसद ने केतन के पिता से घटना की पूरी जानकारी ली और कहा कि इस मामले में वह पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे शांत प्रदेश में इस तरह की घटनाएं बेहद दुखद हैं और न्याय की इस लड़ाई को सड़क से लेकर संसद तक उठाया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले 18 जून को उनका प्रस्तावित दौरा हरिद्वार में रोक दिया गया था। मंगलवार को प्रशासन की निगरानी और कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच उनकी परिवार से मुलाकात कराई गई। सांसद के दौरे के दौरान देवल गांव और आसपास के क्षेत्र में व्यापक पुलिस बल तैनात रहा।
