Uttarakhand: कुंभ-2027 की तैयारियों में संत समाज के सुझावों को मिलेगी प्राथमिकता, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने की समीक्षा बैठक

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को संत समाज की परंपराओं और अपेक्षाओं के अनुरूप आगे बढ़ाने के लिए शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को विभिन्न अखाड़ों के संतों और प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक में मंत्री ने कहा कि कुंभ केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा का सबसे बड़ा पर्व है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार कुंभ-2027 को दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अखाड़ों और संत समाज के सुझावों के अनुरूप ही सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा तथा उनकी आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराई जाएंगी।

बैठक में मेला क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सीवर, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग और शिविर क्षेत्रों के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। संतों ने भी सरकार की तैयारियों की सराहना करते हुए आयोजन को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग देने का भरोसा जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *