चारधाम यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने रविवार को ज्योतिर्मठ-मारवाड़ी क्षेत्र में लागू गेट सिस्टम का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यातायात प्रबंधन, पुलिस बल की तैनाती, यात्रियों की सुविधाओं और ज्योतिर्मठ से मारवाड़ी पुल तक सड़क की स्थिति का जायजा लिया।
एसपी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों से संवाद कर यात्रा अवधि में पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और वाहनों की लगातार बढ़ती संख्या के कारण बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर ज्योतिर्मठ से मारवाड़ी के बीच क्षतिग्रस्त और संकरे मार्ग पर अक्सर यातायात बाधित होने तथा जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इसे देखते हुए पुलिस ने यातायात को व्यवस्थित और सुचारू बनाए रखने के लिए प्रभावी गेट सिस्टम लागू किया है।
गेट सिस्टम के तहत वाहनों का नियंत्रित एवं चरणबद्ध संचालन किया जा रहा है, जिससे मार्ग पर यातायात का दबाव कम हो और यात्रियों को लंबे जाम तथा असुविधा का सामना न करना पड़े। इससे यात्रा मार्ग पर यातायात सुरक्षित और सुगम बनाए रखने में मदद मिल रही है।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने आपातकालीन सेवा वाहनों को गेट सिस्टम से मुक्त रखने के निर्देश भी दिए, ताकि जरूरत पड़ने पर राहत एवं चिकित्सा सेवाएं बिना किसी बाधा के संचालित हो सकें।
इस अवसर पर यात्रा अवधि में उत्कृष्ट यातायात प्रबंधन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ ड्यूटी का निर्वहन करने पर अपर उपनिरीक्षक सोहन सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
चमोली पुलिस ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ज्योतिर्मठ देवेंद्र सिंह रावत और यातायात निरीक्षक चमोली जितेंद्र जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
