कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के चार और पांच जून को प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा रविवार को देहरादून पहुंचीं। उनके साथ कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव भी मौजूद रहे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ आशारोड़ी में उनका स्वागत किया। इसके बाद कुमारी शैलजा और गणेश गोदियाल ने पार्टी नेताओं के साथ राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत भी मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल का जायजा लेने के बाद प्रदेश प्रभारी कांग्रेस मुख्यालय पहुंचीं, जहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी वर्ष 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को गंभीरता से ले रहे हैं। यही कारण है कि उन्होंने चुनाव से काफी पहले उत्तराखंड के लिए दो दिन का समय निर्धारित किया है। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी चार जून को अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे और उसी दिन पौड़ी में पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे। वहीं पांच जून को देहरादून में पार्टी पदाधिकारियों और संगठन के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह दौरा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को नई दिशा देगा। साथ ही यह भी दर्शाता है कि राहुल गांधी उत्तराखंड की जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहते हैं और राज्य के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का कार्य करते हैं।
प्रदेश प्रभारी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार में आपसी तालमेल की कमी दिखाई दे रही है। भाजपा के नेता, विधायक और मंत्री आपसी खींचतान में उलझे हुए हैं, जबकि जनता सरकार के कामकाज से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश में बदलाव का उचित समय है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इस अवसर का लाभ उठाने के लिए पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना चाहिए।
कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी अल्मोड़ा की जनसभा में राज्य के ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनहित के मुद्दों की लगातार उपेक्षा कर रही है। राज्य में बेटियों को न्याय नहीं मिल रहा है और युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। राहुल गांधी की रैली सरकार को जनता के मुद्दों पर जवाबदेह बनाने का काम करेगी।
उन्होंने बताया कि पौड़ी में राहुल गांधी पूर्व सैनिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुनेंगे। कांग्रेस हमेशा पूर्व सैनिकों के सम्मान और अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है। राहुल गांधी का उनके बीच पहुंचना राज्य के पूर्व सैनिक समुदाय के लिए महत्वपूर्ण संदेश है।
प्रदेश प्रभारी ने बताया कि पांच जून को देहरादून में राहुल गांधी प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारियों, पूर्व सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों, जिला एवं नगर अध्यक्षों, फ्रंटल संगठनों के प्रतिनिधियों, एआईसीसी और पीसीसी सदस्यों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वे 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर मार्गदर्शन देंगे और संगठन के नेताओं से सुझाव भी प्राप्त करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी का दो दिवसीय उत्तराखंड दौरा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए उत्साहवर्धक है। उनके दौरे से संगठन को मजबूती मिलेगी और पूर्व सैनिकों सहित विभिन्न वर्गों को कांग्रेस से जोड़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से दौरे को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकने का आह्वान किया।
बैठक को डॉ. हरक सिंह रावत और कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
