पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जनपद दौरे के दौरान हल्द्वानी-काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में आम जनता और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समयबद्ध और संतुष्टिपरक समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता को राहत पहुंचाने के लिए संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाए।
जनता दरबार में पेयजल संकट, ग्रामीण सड़कों की बदहाल स्थिति, विद्युत आपूर्ति और सिंचाई से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। मुख्यमंत्री ने पेयजल निगम के अधिकारियों को गर्मी के मौसम को देखते हुए आवश्यकतानुसार पानी के टैंकर उपलब्ध कराने तथा खराब पड़े नलकूपों और हैंडपंपों को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग (PWD) को क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत विभाग को निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, दायित्वधारी अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्या, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
