उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। सूबे के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने रामनगर स्थित परिषद सभागार में परिणाम जारी किए।
इस वर्ष इंटरमीडिएट का कुल परीक्षा परिणाम 85.11 प्रतिशत रहा, जबकि हाईस्कूल में 92.10 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल हुए। शिक्षा मंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से फोन पर बातचीत कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इंटरमीडिएट में बेटियों ने मारी बाजी
डॉ. रावत ने बताया कि इंटरमीडिएट में बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 81.93 जबकि बालिकाओं का 88.09 प्रतिशत रहा। कुल 1,02,986 परीक्षार्थियों में से 1,00,452 परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें 85,499 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए। पिछले वर्ष 2025 की तुलना में परिणाम 1.88 प्रतिशत बेहतर रहा।
हाईस्कूल में भी छात्राओं का शानदार प्रदर्शन
हाईस्कूल का कुल परिणाम 92.10 प्रतिशत रहा, जिसमें बालकों का 88.03 प्रतिशत और बालिकाओं का 96.07 प्रतिशत रहा। कुल 1,12,266 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 1,08,983 परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें 1,00,373 विद्यार्थी सफल हुए। यह परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में 1.33 प्रतिशत अधिक रहा।
मेरिट सूची में इन छात्रों ने मारी बाजी
इंटरमीडिएट की संयुक्त श्रेष्ठता सूची में गीतिका पंत और सुशीला मेंहदीरत्ता ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं आर्यन ने 97.80 प्रतिशत के साथ दूसरा और वंशिका ने 97 प्रतिशत अंक के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
हाईस्कूल में अक्षत गोपाल ने 98.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप किया। इशांत कोठारी और भूमिका ने 98 प्रतिशत के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि योगेश जोशी ने 97.80 प्रतिशत के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
बागेश्वर जनपद का शानदार प्रदर्शन
बागेश्वर जनपद ने इंटरमीडिएट में 94.84 प्रतिशत और हाईस्कूल में 96.98 प्रतिशत परिणाम के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
सुधार परीक्षा के परिणाम भी घोषित
परिषद ने 10वीं और 12वीं की सुधार परीक्षा-2025 (द्वितीय वर्ष) के परिणाम भी जारी किए। हाईस्कूल में 68.67 प्रतिशत और इंटरमीडिएट में 66.27 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल रहे।
टॉपर के घर पहुंचे शिक्षा मंत्री
परिणाम घोषित होने के बाद शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत हाईस्कूल टॉपर अक्षत गोपाल के घर पहुंचे और उन्हें बधाई दी। उन्होंने अक्षत को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया और उनके परिवार से मुलाकात कर इस सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विधायक दिवान सिंह बिष्ट सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से यह उत्कृष्ट परिणाम संभव हुआ है, जो प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की ओर संकेत करता है।
