केदारनाथ धाम की यात्रा को सुगम बनाने के लिए शुरू की गई हेली शटल सेवा की ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है। 15 अप्रैल को शाम 6:00 बजे से हेली यात्रा बुकिंग पोर्टल के माध्यम से 22 अप्रैल से 15 जून तक की अवधि के लिए बुकिंग शुरू की गई थी।
निर्धारित अवधि के लिए कुल 31,450 सीटें उपलब्ध कराई गई थीं, जिनमें 10,855 टिकटों के माध्यम से सभी सीटों की बुकिंग पूरी कर ली गई। इस प्रकार हेली सेवा के प्रति यात्रियों का उत्साह स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
बुकिंग प्रक्रिया की पारदर्शिता और प्रभावशीलता की जांच के लिए उत्तराखण्ड पर्यटन विभाग के टूरिस्ट हेल्पलाइन कॉल सेंटर द्वारा 565 रैंडम कॉल्स की गईं। समीक्षा में पाया गया कि बुकिंग में उपयोग किए गए 10,859 मोबाइल नंबरों में से 4,400 नंबर वास्तविक यात्रियों से मेल खाते हैं। साथ ही लगभग 51 प्रतिशत बुकिंग स्वयं यात्रियों द्वारा की गई, जबकि 49 प्रतिशत बुकिंग अन्य माध्यमों से संपन्न हुई।
राज्यवार आंकड़ों के अनुसार महाराष्ट्र से सर्वाधिक 1,708 बुकिंग दर्ज की गईं। इसके बाद उत्तर प्रदेश (1,243), दिल्ली (867), तेलंगाना (864), कर्नाटक (801) और गुजरात (700) का स्थान रहा।
बुकिंग प्रक्रिया को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रति यूजर अधिकतम 2 बुकिंग और कुल 12 सीटें बुक करने की सीमा तय की गई थी। साथ ही एक IP एड्रेस से अधिकतम 5 यूजर आईडी के माध्यम से बुकिंग की अनुमति दी गई। एक बुकिंग में अधिकतम 6 यात्रियों को शामिल किया जा सकता है।
अब तक 510 बुकिंग आईडी के सापेक्ष कुल 913 सीटों के लिए कैंसलेशन दर्ज किए गए हैं। राज्य सरकार द्वारा संचालित यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न की गई, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और विश्वसनीय यात्रा सुविधा प्रदान की जा सके।
चारधाम यात्रा के मद्देनजर हेली शटल सेवा की यह पहल श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है और यात्रा को अधिक सुविधाजनक बना रही है।
