Uttarakhand: अक्षय तृतीया पर खुले गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट, चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ

अक्षय तृतीया के अवसर पर गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चारण और पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसी के साथ चारधाम यात्रा 2026 का विधिवत शुभारंभ भी हो गया है।

परंपरा के अनुसार दोनों धामों में पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से संपन्न की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री धाम पहुंचकर संकल्प लिया और प्रधानमंत्री के नाम से पहली पूजा अर्पित करते हुए चारधाम यात्रा की सफलता तथा देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

धार्मिक परंपराओं के तहत मां गंगा की उत्सव डोली भैरव मंदिर से गंगोत्री धाम पहुंची, जहां विशेष पूजा-अभिषेक के बाद दोपहर 12:15 बजे मंदिर के कपाट खोले गए। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।

वही, विश्व प्रसिद्ध श्री यमुनोत्री धाम के कपाट विधिवत पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए हैं। शुभ लग्नानुसार दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर कपाटोद्घाटन हुआ। जिसके साथ ही ग्रीष्मकालीन चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ भी हो गया। कपाट खुलने के बाद अब आगामी छह माह तक देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु श्री यमुनोत्री धाम में मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने किए मां गंगा के दर्शन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मां गंगा के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की और देव डोली से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के चारधाम देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए आस्था के प्रमुख केंद्र हैं और हर श्रद्धालु यहां दर्शन की कामना करता है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम यात्रा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यात्रा मार्गों पर यातायात प्रबंधन, मूलभूत सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से ग्रीन और क्लीन चारधाम यात्रा के सफल आयोजन में सहयोग की अपील करते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और मंदिर समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *