आगामी केदारनाथ धाम यात्रा को अभेद्य सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से मंदिर परिसर में शनिवार को व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। यह अभ्यास पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के निर्देशन में संपन्न हुआ।
मॉक ड्रिल में एटीएस, जनपद पुलिस और एलआईयू की टीमों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। अभ्यास के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति द्वारा मंदिर क्षेत्र को नुकसान पहुंचाने के प्रयास का परिदृश्य तैयार किया गया, जिसमें वह मजदूर के भेष में परिसर में रह रहा था।
जैसे ही संदिग्ध की गतिविधियां सामने आईं, एटीएस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे जीवित पकड़ लिया। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई का अभ्यास किया। इस दौरान सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय और प्रतिक्रिया समय का भी परीक्षण किया गया।
प्रशासन के अनुसार वर्तमान में केदारनाथ धाम में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यहां आईटीबीपी, जिला पुलिस, फायर सर्विस और संचार इकाइयों की टीमें पहले से तैनात हैं, जो यात्रा के दौरान हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
