आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए चमोली पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पाँवर के निर्देशन में यातायात व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
इसी क्रम में 15 अप्रैल को यातायात पुलिस चमोली द्वारा श्री बद्रीनाथ धाम क्षेत्र में पार्किंग, नो पार्किंग, वन-वे ट्रैफिक, पैदल मार्गों और संपूर्ण यातायात प्लान से संबंधित साइन बोर्ड स्थापित किए गए। इन साइन बोर्डों के माध्यम से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश प्रदान किए जाएंगे।
हर वर्ष बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और वाहनों के दबाव के चलते यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना एक बड़ी चुनौती होती है। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस ने पहले से ही जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करना शुरू कर दिया है।
धाम क्षेत्र में लगाए गए साइन बोर्ड यातायात को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाएंगे। पार्किंग स्थलों को स्पष्ट रूप से चिन्हित किया गया है, जिससे यात्रियों को अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करने में सुविधा होगी। वहीं, नो पार्किंग जोन निर्धारित कर अनधिकृत पार्किंग पर नियंत्रण किया जाएगा, जिससे जाम और अव्यवस्था की स्थिति से बचा जा सके।
चमोली पुलिस ने श्री बद्रीनाथ धाम की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि यह पवित्र यात्रा सभी के लिए सुरक्षित और सुगम बन सके।
