Kedarnath: 22 अप्रैल को खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट, मुख्यमंत्री धामी ने किया व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण

आस्था और श्रद्धा के प्रतीक श्री केदारनाथ धाम के कपाट वर्ष की यात्रा हेतु आगामी 22 अप्रैल को विधि-विधान और सनातन परंपराओं के अनुसार श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद रुद्रप्रयाग पहुंचकर ग्राउंड जीरो पर यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर रुद्रप्रयाग से गुप्तकाशी तक कार से निरीक्षण करते हुए जवाड़ी बाईपास, निर्माणाधीन सुरंग, तिलवाड़ा, बांसवाड़ा और कुंड-काकड़ागाड़ जैसे भूस्खलन संभावित क्षेत्रों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क मरम्मत, झाड़ी कटान, साइनेज, क्रैश बैरियर, सुरक्षा इंतजाम और सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्य यात्रा शुरू होने से पहले हर हाल में पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इसके बाद गुप्तकाशी में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं के साथ सौम्य व्यवहार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने हेलीपैड पर यात्री शेड, भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के पास पुलिस चौकियों में दवाइयां, पेयजल और फूड पैकेट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्रदान की जा सके।

मुख्यमंत्री ने “ग्रीन यात्रा” पर विशेष जोर देते हुए यात्रा को प्लास्टिक मुक्त बनाने की बात कही। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि भ्रामक खबरें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यात्रा से जुड़े सभी हितधारकों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश भी दिए गए।

गैस आपूर्ति के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने बताया कि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद केंद्र सरकार से अतिरिक्त गैस आपूर्ति की मांग की गई है, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को “वोकल फॉर लोकल” अभियान से जोड़ते हुए स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर जोर दिया।

इसके अलावा पैदल मार्गों पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समीक्षा की गई, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *