लक्सर क्षेत्र में हुई गोलीकांड की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए गठित की गई अलग-अलग पुलिस टीमों ने दोनों आरोपियों को थाना खानपुर क्षेत्र के ग्राम सिकंदरपुर के जंगलों से बिजनौर हाईवे के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी पूर्व में काशीपुर में हुई डकैती की घटना में जेल जा चुके हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि पैसे की मांग को लेकर विनय त्यागी लगातार सनी यादव को जान से मरवाने की धमकी दे रहा था। इससे आक्रोशित होकर सनी यादव काफी समय से विनय त्यागी की रेकी कर रहा था।

आरोपियों को जानकारी मिली कि विनय त्यागी रुड़की जेल में बंद है और 24 दिसंबर को लक्सर न्यायालय में पेशी पर लाया जाएगा। इसी जानकारी के आधार पर सनी यादव ने अपने साथी अजय के साथ मिलकर बदले की नीयत से गोलीकांड की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। आरोपियों से पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. सनी यादव उर्फ शेरा, पुत्र कमल सिंह
    निवासी गुलजारपुर, थाना काशीपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर, उम्र 28 वर्ष (मुख्य आरोपी)
    आपराधिक इतिहास (कोतवाली काशीपुर)
    • मुकदमा संख्या 27/12, धारा 302, 201, 120बी, 34, 364ए, 386 आईपीसी
    • मुकदमा संख्या 630/23, धारा 395, 412, 34 आईपीसी
  2. अजय, पुत्र कुंवर सैन
    निवासी खरमासा कॉलोनी, थाना कोतवाली काशीपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर, उम्र 24 वर्ष
    आपराधिक इतिहास
    • मुकदमा संख्या 630/23, धारा 395, 412, 34 आईपीसी

बरामदगी

  • एक तमंचा 315 बोर मय एक जिंदा कारतूस
  • एक तमंचा 32 बोर मय दो जिंदा कारतूस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।