देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र के कौलागढ़ में कांग्रेस की संकल्प यात्रा के दौरान भाजपा सरकार पर राम मंदिर के नाम पर जुटाए गए चंदे का हिसाब नहीं देने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की गई। पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि राम मंदिर के नाम पर देशभर से चंदा लिया गया है, इसलिए जनता को यह जानने का पूरा अधिकार है कि चंदे का हिसाब क्या है और उसका इस्तेमाल किस तरह हुआ।
महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित संकल्प यात्रा में कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारे लगाए। इस दौरान चंदा चोरी बंद करो और राम मंदिर के नाम पर चंदा चोरी का जवाब दो जैसे नारे लगाए गए।
यात्रा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने आरोप लगाया कि भाजपा ने भगवान राम और राम मंदिर के नाम पर जनता की आस्था को राजनीतिक मुद्दा बनाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के सवालों को मजबूती से उठाती रहेगी और भाजपा से चंदे का पूरा हिसाब मांगा जाएगा।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर पाल सिंह गोगी ने कहा कि जनता को भाषण नहीं, बल्कि काम चाहिए। कांग्रेस की संकल्प यात्रा कैंट विधानसभा क्षेत्र की जनता की आवाज को बुलंद करने का अभियान है। पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों की समस्याएं सामने लाएंगे और सड़क, बिजली, पानी, सफाई व जल निकासी जैसे मुद्दों को लेकर आंदोलन तेज करेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। संकल्प यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में बदलाव का संकल्प लेने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम के संयोजक महानगर उपाध्यक्ष विपुल नौटियाल रहे। इस दौरान वार्ड अध्यक्ष संजय कुमार, दीप वोहरा, कोमल वोहरा, विजय चौहान, मनोज राणा, आनंद शर्मा, मिथुन रावत, शैलेंद्र कुमार, लकी राणा, रतन सिंह रावत, विजय प्रसाद भट्टराई और सपना समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
