मौसम विभाग की ओर से भारी वर्षा की संभावना जताए जाने के बाद उत्तराखंड के चार जिलों में सोमवार, 31 अगस्त को कक्षा एक से 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है। देहरादून, नैनीताल, चमोली, पौड़ी और बागेश्वर में स्कूलों के साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

प्रशासन ने यह निर्णय मौसम विभाग, देहरादून की ओर से जारी भारी वर्षा की संभावना के दृष्टिगत लिया है। चारों जिलों में 31 अगस्त को सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में कक्षा 01 से 12वीं तक शिक्षण कार्य नहीं होगा। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।

लगातार बारिश और संभावित मौसम के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह कदम उठाया है। संबंधित विभागों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।