उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने दूसरे राजनीतिक दलों के नेताओं को पार्टी में शामिल कर संगठन मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। बुधवार को देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने नए सदस्यों का स्वागत कर उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
कांग्रेस में शामिल होने वालों में चकराता विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी दर्शन लाल डोभाल, सेवानिवृत्त आईजी पुलिस अनंतराम चौहान, कैप्टन ताजवर सिंह नेगी, कैप्टन नारायण सिंह रावत, कैप्टन गंगा सिंह, कैप्टन हीरा बल्लभ पांडे, कैप्टन सोबन सिंह, जितेंद्र सिंह और शशांक भट्ट प्रमुख रहे।
भाजपा सरकार पर साधा निशाना
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था के मुद्दों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेरोजगार युवा परेशान हैं और भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं के भविष्य पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक न्याय और सर्वधर्म समभाव की विचारधारा के साथ जनता के मुद्दों को उठाती रहेगी।
गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस में शामिल होने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को संगठन में सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से जुड़े अन्य लोग भी कांग्रेस में शामिल होंगे।
2027 के चुनाव में मजबूती से उतरने का दावा
चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि नए नेताओं के पार्टी में आने से संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी तैयारी के साथ जनता के बीच जाएगी। वहीं, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने भाजपा सरकार पर बेरोजगारी, महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और पलायन जैसे मुद्दों पर विफल रहने का आरोप लगाया।
कांग्रेस में शामिल हुए नेताओं ने पार्टी नेतृत्व के प्रति विश्वास जताते हुए संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में काम करने की बात कही।
कार्यक्रम में विधायक लखपत सिंह बुटोला, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा, महामंत्री अभिषेक सिंह, राजेंद्र शाह, नवीन जोशी, विनोद चौहान, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह सहित कई पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

