केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के ताला–बरंगाली मोटर मार्ग का 3.16 करोड़ रुपये की लागत से डामरीकरण और सुधारीकरण किया जाएगा। बुधवार को विधायक आशा नौटियाल ने कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। सड़क सुधरने से ताला, उषाड़ा, हुड्डू, बरंगाली, दैडा, दुर्गाधार, पाब, जगपुड़ा सहित तुंगनाथ घाटी के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
इस मौके पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत किया। विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि ताला–बरंगाली मोटर मार्ग के डामरीकरण और सुधारीकरण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इस कार्य के पूरा होने से सड़क की स्थिति बेहतर होगी और स्थानीय लोगों को आवाजाही में राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीणों को दैनिक आवागमन के साथ कृषि कार्यों, विद्यार्थियों की आवाजाही और अन्य जरूरी गतिविधियों में भी सहूलियत मिलेगी।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल सहित अन्य जनसुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उद्देश्य दूरस्थ गांवों तक विकास का लाभ पहुंचाना और ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से क्षेत्रवासियों को लाभान्वित किया जा रहा है।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता इंद्रजीत बोस, मंडल अध्यक्ष दलबीर नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य दिनेश बजवाल और पिंकी देवी सहित ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

