बाजपुर क्षेत्र में भीषण ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण और स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने खेतों में पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को फसलों के नुकसान का आकलन जल्द पूरा कर प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे बाजपुर क्षेत्र में अचानक हुई भीषण ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा। उस समय मुख्यमंत्री हल्द्वानी से देहरादून लौट रहे थे। ओलावृष्टि की सूचना मिलते ही उन्होंने खराब मौसम के बावजूद हेलीकॉप्टर को बाजपुर की ओर ले जाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने पहले हेलीकॉप्टर से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद बाजपुर में उतरकर खेतों का स्थलीय निरीक्षण किया और किसानों से सीधे संवाद कर फसलों को हुए नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित फसलों का विस्तृत सर्वेक्षण कर नुकसान का आकलन प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए। राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई भी समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है। किसानों के हितों की रक्षा करना और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नुकसान के आकलन से लेकर राहत वितरण तक किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।