पितृ पक्ष के दौरान बदरीनाथ धाम स्थित ब्रह्मकपाल में पिंडदान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। अब तक करीब 1.50 लाख श्रद्धालु पितृ पक्ष में बदरीनाथ धाम पहुंच चुके हैं, जबकि इस वर्ष धाम के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 19 लाख के पार पहुंच गई है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए चमोली पुलिस ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाएं बढ़ा दी हैं।

देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु ब्रह्मकपाल पहुंचकर अपने पितरों की आत्मशांति और मोक्ष की कामना के साथ पिंडदान और अन्य धार्मिक अनुष्ठान कर रहे हैं। पितृ पक्ष के चलते बदरीनाथ धाम और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बढ़ रही है।

एसपी तीन बार कर चुके स्थलीय निरीक्षण

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार खुद ग्राउंड जीरो पर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। पितृ पक्ष के दौरान वह तीन बार बदरीनाथ धाम पहुंचकर सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर चुके हैं।

पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट भी लगातार मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। यात्रा मार्ग, पार्किंग स्थलों, धाम क्षेत्र और प्रमुख भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की तैनाती और निगरानी बढ़ाई गई है।

चमोली पुलिस का कहना है कि पितृ पक्ष और चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिसकर्मी पूरी तत्परता से ड्यूटी कर रहे हैं। बढ़ती भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालु बिना परेशानी बदरीनाथ धाम के दर्शन और ब्रह्मकपाल में पिंडदान की धार्मिक प्रक्रिया पूरी कर सकें।