Uttarakhand: यूकेएसएसएससी ने समूह-ग के पदों पर निकली भर्ती, 22 जून से होंगे ऑनलाइन आवेदन

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने कनिष्ठ सहायक समेत समूह-ग के 398 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। इच्छुक अभ्यर्थी 22 जून से छह जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

कनिष्ठ सहायक और आशुलिपिक के पदों पर होगी भर्ती
आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस भर्ती प्रक्रिया के तहत उत्तराखंड हाईकोर्ट के अधीनस्थ सिविल न्यायालयों में कनिष्ठ सहायक के 230 पद, कुटुम्ब न्यायालयों में कनिष्ठ सहायक के 29 पद, सिविल न्यायालयों में आशुलिपिक ग्रेड-1 एवं वैयक्तिक सहायक के 128 पद तथा कुटुम्ब न्यायालयों में आशुलिपिक ग्रेड-1 एवं वैयक्तिक सहायक के 11 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। कुल मिलाकर 398 रिक्त पदों को भरा जाएगा।

आवेदन में संशोधन का भी मिलेगा अवसर
भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया छह जुलाई तक चलेगी। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को आठ से 10 जुलाई के बीच आवेदन पत्र में संशोधन का अवसर भी दिया जाएगा। आयोग ने लिखित परीक्षा की प्रस्तावित तिथि 23 अगस्त निर्धारित की है, हालांकि इसमें आवश्यकतानुसार बदलाव किया जा सकता है।

21 से 35 वर्ष आयु वाले अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन
भर्ती के लिए अभ्यर्थियों की आयु 21 से 35 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। उम्मीदवार का स्नातक या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। कनिष्ठ सहायक पद के लिए हिंदी टाइपिंग तथा आशुलिपिक एवं वैयक्तिक सहायक पदों के लिए आशुलिपि का ज्ञान भी आवश्यक होगा।

140 अंकों की होगी लिखित परीक्षा
चयन प्रक्रिया के तहत 140 अंकों की वस्तुनिष्ठ प्रकार की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में सामान्य ज्ञान एवं सामान्य अध्ययन से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्नपत्र हल करने के लिए अभ्यर्थियों को दो घंटे 30 मिनट का समय मिलेगा। परीक्षा का विस्तृत पाठ्यक्रम आयोग अलग से जारी करेगा।

सामान्य वर्ग के लिए 300 और आरक्षित वर्ग के लिए 150 रुपये शुल्क
भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन शुल्क सामान्य एवं ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं, एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग अभ्यर्थियों को 150 रुपये शुल्क का भुगतान करना होगा। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *