उत्तराखंड में अगले 15 घंटे मौसम के लिहाज से बेहद संवेदनशील रहने वाले हैं। मौसम विभाग ने चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी जिलों के कई क्षेत्रों में बिजली चमकने के साथ भारी से बहुत भारी बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी जिले के पुरोला, बड़कोट और गंगोत्री, रुद्रप्रयाग के केदारनाथ और सोनप्रयाग, चमोली के बदरीनाथ, थराली और नंदा देवी क्षेत्र, पिथौरागढ़ के मुनस्यारी, बेरीनाग, गंगोलीहाट और डीडीहाट, जबकि ऊधमसिंह नगर के जसपुर, रुद्रपुर, खटीमा तथा आसपास के इलाकों में अगले 15 घंटों के दौरान तेज से अत्यधिक तेज बारिश होने की संभावना है।
विभाग ने चेताया है कि भारी वर्षा के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, नदियों और गदेरों का जलस्तर बढ़ने, सड़कें बाधित होने तथा निचले इलाकों में जलभराव जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। बिजली गिरने और तेज हवाओं के चलते भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों और यात्रियों से मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने, नदी-नालों के किनारे जाने से बचने तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
