केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कार्यक्रम की तैयारियों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आयोजन से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान आमजन को किसी तरह की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश और निकास के लिए पर्याप्त व्यवस्था करने के साथ ही पार्किंग स्थलों को सुव्यवस्थित रखने को कहा। उन्होंने पेयजल, स्वच्छता और अन्य जरूरी सुविधाओं को भी समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों के दायित्व स्पष्ट करने और तैयारियों की नियमित समीक्षा करने को कहा, ताकि कार्यक्रम का आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव शैलेश बगौली, विनय शंकर पांडेय सहित शासन और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

