किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी दिलाने, फसल नुकसान पर शत-प्रतिशत मुआवजा सुनिश्चित करने और महिला किसानों को सरकारी अभिलेखों में पहचान दिलाने के लिए किसान कांग्रेस पूरे गढ़वाल मंडल में अभियान चलाएगी। इसके तहत गांव-गांव किसान अधिकार यात्रा निकाली जाएगी। साथ ही ब्लॉक और न्याय पंचायत स्तर पर किसान संवाद चौपाल आयोजित करने के अलावा महिला किसान पंजीकरण अभियान भी चलाया जाएगा।
गुरुवार को देहरादून में आयोजित प्रेस वार्ता में किसान कांग्रेस की राष्ट्रीय समन्वयक शीतल मान ने इन तीन संकल्पों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वह दिल्ली से गढ़वाल के किसानों के हितों को लेकर ये संकल्प लेकर पहुंची हैं। इन्हें धरातल पर उतारने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि किसान अधिकार यात्रा के माध्यम से किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी देने, फसल खराब होने पर शत-प्रतिशत मुआवजा देने और जंगली जानवरों से फसलों को होने वाले नुकसान की भरपाई की मांग उठाई जाएगी। वहीं, किसान संवाद चौपाल के जरिये प्रत्येक ब्लॉक और न्याय पंचायत में किसानों की समस्याएं सुनी जाएंगी। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान बंद कमरों में बैठकर नहीं हो सकता। इसके लिए खेतों और गांवों तक पहुंचना होगा।
शीतल मान ने कहा कि पहाड़ की कृषि व्यवस्था में महिलाओं की अहम भूमिका है। खेती का अधिकांश बोझ महिलाओं के कंधों पर है, लेकिन सरकारी अभिलेखों और किसान कल्याणकारी योजनाओं में उन्हें अपेक्षित पहचान और अधिकार नहीं मिल पाते। इस स्थिति को बदलने के लिए महिला किसान पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा, ताकि उन्हें उनकी मेहनत के अनुरूप पहचान, सम्मान और अधिकार मिल सकें।
इस अवसर पर किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बलजीत सिंह ने कहा कि संगठन किसानों के हकों की लड़ाई लड़ने, उन्हें सम्मान दिलाने और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। किसान कांग्रेस केवल बयानबाजी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि गांव-गांव जाकर किसानों के साथ खड़ी होगी।
प्रेस वार्ता में किसान कांग्रेस के सह प्रभारी अमित शर्मा, पिरान कलियर विधायक फुरकान अहमद, विकासनगर ब्लॉक अध्यक्ष सुमित चौहान, डोईवाला ब्लॉक अध्यक्ष प्रीतपाल सिंह, जिला उपाध्यक्ष विजय कुकरेती, जिला महासचिव गुलफाम अहमद, अनिल भारद्वाज, प्रेम सिंह, अमरजीत सिंह फौजी, केवल राम सहित अन्य पदाधिकारी और कांग्रेसजन मौजूद रहे। राजेंद्र सिंह भंडारी, महासचिव संगठन भी उपस्थित रहे।

