चारधाम यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बना हुआ है। हरिद्वार स्थित ऋषिकुल मैदान में संचालित यात्री पंजीकरण केंद्र में मंगलवार को विभिन्न राज्यों से आए 10,933 यात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण कराया।
पंजीकरण आंकड़ों के अनुसार यमुनोत्री धाम के लिए 2,348, गंगोत्री धाम के लिए 2,489, केदारनाथ धाम के लिए 2,908 तथा बदरीनाथ धाम के लिए 3,116 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया। वहीं हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए 72 यात्रियों ने पंजीकरण करवाया।
चारधामों में सबसे अधिक पंजीकरण बदरीनाथ धाम के लिए दर्ज किए गए, जबकि केदारनाथ धाम के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यात्रा पंजीकरण कराया।
यात्रा प्रशासन के अनुसार ऋषिकुल मैदान स्थित पंजीकरण केंद्र से अब तक कुल 3,61,833 श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण करा चुके हैं। लगातार बढ़ रही यात्रियों की संख्या को देखते हुए पंजीकरण केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखी गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
