प्रदेश के 10 हजार बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र की बहुराष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार दिलाने के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग अगले चार माह में चार विशेष रोजगार मेले आयोजित करेगा। इनमें गढ़वाल मंडल में श्रीनगर और देहरादून तथा कुमाऊं मंडल में काशीपुर और अल्मोड़ा में रोजगार मेले लगाए जाएंगे। इनमें विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, सेवायोजन और कौशल विकास विभाग भी भागीदारी करेंगे।

तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को अपने शासकीय आवास पर विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को रोजगार मेलों की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। अब तक करीब 42 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है।

रोजगार मेलों में पॉलीटेक्निक, आईटीआई और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों और पासआउट युवाओं को अवसर मिलेगा। विद्यालयी शिक्षा में व्यावसायिक पाठ्यक्रम कर चुके विद्यार्थियों, उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को भी निजी कंपनियों में रोजगार का मौका दिया जाएगा।

एक सप्ताह में शुरू होगा ऑनलाइन पंजीकरण

तकनीकी शिक्षा विभाग को रोजगार मेलों के लिए एक सप्ताह के भीतर निशुल्क ऑनलाइन पंजीकरण शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। मेलों की अंतिम रूपरेखा तय करने के लिए संबंधित विभागों की उच्चस्तरीय संयुक्त बैठक भी आयोजित की जाएगी।

विभागों में बनेगा मीडिया सेल

समीक्षा बैठक में मंत्री ने विभागीय मुख्यालयों में मीडिया सेल गठित करने के निर्देश भी दिए। सेल विभागीय वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को नियमित अपडेट करने के साथ सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएगा। मीडिया सेल में आईटी और तकनीकी रूप से दक्ष तीन कार्मिक तैनात किए जाएंगे।