उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बुधवार को सचिवालय में मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि प्रदेश में अब तक 98 प्रतिशत गणना फार्म वितरित किए जा चुके हैं, जबकि 12 प्रतिशत फार्मों का डिजिटाइजेशन भी पूरा कर लिया गया है।
पांच जिलों में 99 प्रतिशत से अधिक फार्म वितरण
डॉ. जोगदंडे ने बताया कि चंपावत, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, चमोली, पिथौरागढ़ और पौड़ी गढ़वाल जिलों में 99 प्रतिशत से अधिक गणना फार्म वितरित किए जा चुके हैं। वहीं अपेक्षाकृत कम प्रगति वाले जिलों में भी देहरादून में करीब 95 प्रतिशत, नैनीताल में 96 प्रतिशत और टिहरी में 97 प्रतिशत फार्मों का वितरण पूरा कर लिया गया है।
डिजिटाइजेशन में अल्मोड़ा अव्वल, देहरादून-नैनीताल पीछे
उन्होंने बताया कि गणना फार्मों के डिजिटाइजेशन में अल्मोड़ा 33 प्रतिशत के साथ शीर्ष पर है। इसके बाद पौड़ी गढ़वाल में 25 प्रतिशत और पिथौरागढ़ में 23 प्रतिशत फार्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं। वहीं नैनीताल में केवल 4 प्रतिशत, देहरादून में 7 प्रतिशत और ऊधमसिंह नगर में करीब 8 प्रतिशत फार्मों का ही डिजिटाइजेशन हो पाया है।
सभी जिलों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी जिलों को एसआईआर अभियान को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा 22,900 बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त किए जा चुके हैं। साथ ही 18 जून को मुख्य निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के साथ बैठक भी आयोजित की जाएगी।
15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
डॉ. जोगदंडे ने बताया कि 7 जुलाई तक गणना फार्मों के वितरण और संकलन का कार्य पूरा किया जाएगा। इसके बाद एक सप्ताह के भीतर बूथों का पुनर्गठन किया जाएगा। 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी, जबकि 14 जुलाई से 11 सितंबर तक उनका निस्तारण किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
ईसीआई नेट ऐप से ऑनलाइन भर सकते हैं गणना फार्म
उन्होंने बताया कि मतदाता स्वयं भी ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से अपना गणना फार्म ऑनलाइन भर सकते हैं। भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए “बुक ए कॉल विद बीएलओ” फीचर भी उपलब्ध कराया है। इसके जरिए मतदाता एक क्लिक पर अपने बूथ लेवल अधिकारी के साथ कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक करने के लिए मतदाता निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और मोबाइल ऐप का उपयोग कर सकते हैं। कॉल बुक होने के दो दिन के भीतर संबंधित बीएलओ मतदाता से संपर्क करेगा।
वर्ष 2003 की मतदाता सूची भी वेबसाइट पर उपलब्ध
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए वर्ष 2003 की मतदाता सूची भी मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। यहां मतदाता अपने विधानसभा क्षेत्र, नाम अथवा पिता/पति के नाम के आधार पर मतदाता क्रमांक और बूथ संख्या की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा गली, मोहल्ले और क्षेत्र के नाम के आधार पर भी मतदाता सूची खोजने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
