देहरादून के डालनवाला कोतवाली में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम की ओर से एक लिखित तहरीर दी गई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने कुछ राजनीतिक दलों के साथ मिलीभगत कर कथित रूप से झूठी और मनगढ़ंत ऑडियो-वीडियो सामग्री तैयार कर उनकी, भाजपा तथा पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की छवि धूमिल करने का प्रयास किया।
सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का लगाया आरोप
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया कि कथित ऑडियो और वीडियो को आपसी वार्तालाप के माध्यम से सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित करने तथा उपद्रव और दंगे जैसी स्थिति पैदा करने का प्रयास किया गया। शिकायत के आधार पर डालनवाला कोतवाली में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी के निर्देश पर की गई गहन विवेचना
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने प्रकरण की गहन जांच के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान पुलिस ने बयान, साक्ष्य और अन्य तथ्यों का परीक्षण किया। जांच में सुरेश राठौर के विरुद्ध अतिरिक्त अपराध पाए जाने पर मामले में भारतीय न्याय संहिता की एक और धारा बढ़ाई गई।
बिहारीगढ़ फ्लाईओवर के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 14 जून 2026 को सुरेश राठौर को बिहारीगढ़ फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया
न्यायालय में पेशी के बाद अदालत ने आरोपी सुरेश राठौर को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेजने के आदेश दिए। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई नियमानुसार जारी है।
