भारत को वर्ष 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी दिलाने के संकल्प के साथ खेल मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को हरकी पैड़ी से कांवड़ यात्रा शुरू की। इस दौरान अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज, महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरि महाराज समेत बड़ी संख्या में संत मौजूद रहे।
यात्रा शुरू करने से पहले रेखा आर्या ने हरकी पैड़ी पर मां गंगा का विधि-विधान से पूजन किया और गंगाजल लेकर भगवान भोलेनाथ का जयघोष करते हुए पैदल यात्रा पर रवाना हुईं। यात्रा के माध्यम से भारत को 2036 ओलंपिक की मेजबानी मिलने और देश को खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
संतों के सानिध्य में शुरू हुई यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ खेल और राष्ट्रहित के संदेश को भी समर्पित है। यात्रा में खिलाड़ियों, युवाओं, खेल प्रेमियों और आमजन के शामिल होने की भी अपील की गई है।
