मानसून की बाधाओं और मौसम की चुनौती के बावजूद उत्तराखंड की चारधाम यात्रा नया रिकॉर्ड बनाने की ओर बढ़ रही है। यात्राकाल के 114 दिनों में 47 लाख 02 हजार 703 श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्ष इसी अवधि में 42 लाख 34 हजार 147 श्रद्धालु पहुंचे थे। इस तरह इस बार 4 लाख 68 हजार 556 अधिक तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मौसम की स्थिति के अनुसार यात्रा का संचालन किया जा रहा है। आपदा प्रबंधन विभाग को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा जवानों की तैनाती के साथ ही भूस्खलन या अन्य आपदा की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराने की व्यवस्था की गई है।
अब तक बदरीनाथ में 16.12 लाख, केदारनाथ में 14.50 लाख, गंगोत्री में 7.37 लाख और यमुनोत्री में 6.62 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं हेमकुंट साहिब में भी 2.40 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मत्था टेका है।
सोमवार को मौसम खराब होने के बावजूद 15,376 श्रद्धालु चारधाम पहुंचे। इनमें बदरीनाथ में 9,559, केदारनाथ में 4,170, गंगोत्री में 1,204 और यमुनोत्री में 443 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
