38वें राष्ट्रीय खेलों के लिए खेल विभाग ने वॉलंटियरों का डेटा बेस तैयार किया जा रहा है। विभाग ने इसके लिए आवश्यक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। राष्ट्रीय खेलों हेतु वॉलंटियर के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया चल रही है। रजिस्ट्रेशन कराने वाले सभी लोगों को प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
दो से ढाई हजार जिन वॉलंटियर का चयन होगा, उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। बाद में उन्हें अलग से राष्ट्रीय खेल का प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा। चयनित वॉलंटियर को टीए और डीए भी दिये जाएंगे। रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद चयन प्रक्रिया शुरू होगी।
अभी तक लगभग 30 हजार लोगों ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है। राष्ट्रीय खेलों के लिए दो से ढाई हजार वॉलंटियरों की ही आवश्यकता है। रजिस्ट्रेशन कराने वालों में बड़ी संख्या में छात्राएं और महिलाएं भी हैं।
राष्ट्रीय खेल सचिवालय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित सिन्हा ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के दौरान तमाम तरह की व्यवस्थाएं बनाने में वॉलंटियरों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। हमारी कोशिश है कि इस दौरान हम वॉलंटियर डाटा बेस तैयार कर लें। इस क्रम में संबंधित व्यक्ति का संपूर्ण विवरण हमारे पास उपलब्ध हो जाए।
उन्होंने कहा कि रजिस्ट्रेशन कराने वाले हर व्यक्ति को हम आवश्यक जानकारी देंगे। बताएंगे कि एक वॉलंटियर की भूमिका किस तरह की होती है। डेटा बेस तैयार हो जाने के बाद भविष्य में जब भी बडे़ आयोजन के लिए वॉलंटियर की जरूरत होगी, तो आसानी से वे उपलब्ध रहेंगे।