Uttarakhand: कुंभ मेला-2027 की तैयारियां तेज, मेलाधिकारी सोनिका ने विभिन्न क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण

कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को सुव्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए मेला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगमता को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने आधारभूत व्यवस्थाओं से जुड़ी योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने की कवायद तेज कर दी है।

सोनिका लगातार विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर तैयारियों की समीक्षा कर रही हैं। इसी क्रम में शनिवार को उन्होंने कुंभ नगरी के कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पार्किंग निर्माण, पैदल पुल, सड़क चौड़ीकरण और घाटों के सुधार कार्यों को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को संबंधित प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत खड़खड़ी क्षेत्र से हुई, जहां सूखी नदी पर कुंभ मेला मद से स्वीकृत डबल लेन पुल निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया गया। मेलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यह पुल मेले के दौरान यातायात दबाव कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इसके बाद उन्होंने दूधाधारी चौक, पावनधाम और खड़खड़ी क्षेत्र को जोड़ने वाली आंतरिक सड़कों का निरीक्षण किया। अधिकारियों को सड़क सुधार कार्य शीघ्र शुरू करने, अतिक्रमण हटाने और पैदल व वाहन आवागमन को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए।

मेलाधिकारी ने खड़खड़ी क्षेत्र के घाटों का निरीक्षण करते हुए घाटों की साफ-सफाई और नियमित रखरखाव पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

दोपहर बाद मेलाधिकारी ने अधिकारियों की टीम के साथ शंकराचार्य चौक, डामकोठी रोड, तुलसी चौक और अमरापुर घाट क्षेत्र का भ्रमण किया। उन्होंने सड़कों और चौराहों के चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण तथा बेहतर रखरखाव के निर्देश दिए। साथ ही मेले के दौरान बढ़ने वाले वाहनों के दबाव को देखते हुए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया।

तुलसी चौक के निकट अटल आवास के सामने उपलब्ध मेला भूमि का निरीक्षण करते हुए पार्किंग निर्माण की संभावनाओं का जायजा लिया गया। वहीं अमरापुर घाट से कांवड़ पटरी को जोड़ने के लिए पैदल पुल निर्माण के निर्देश भी दिए गए, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही अधिक सुरक्षित और सुगम हो सके।

मेलाधिकारी ने शंकराचार्य चौक के सुधार और डामकोठी रोड को सिंचाई कॉलोनी की ओर चौड़ीकरण करने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए ताकि कुंभ मेला-2027 से पहले सभी आवश्यक सुविधाएं विकसित हो सकें।

निरीक्षण के दौरान दयानंद सरस्वती, मनीष कुमार, प्रवीण कुश, दीपक कुमार तथा भारत भूषण सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *