आगामी हेमकुंट साहिब यात्रा को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में भारतीय सेना की 418 माउंटेन ब्रिगेड की टुकड़ी और गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के सेवादारों की संयुक्त टीम को हेमकुंट साहिब ट्रैक से बर्फ हटाने के लिए रवाना किया गया।
गोविंदघाट में अरदास के बाद ट्रस्ट के सीईओ सेवा सिंह ने टीम को घांघरिया के लिए प्रस्थान कराया। यह टीम वहां ठहरकर प्रतिदिन भारी बर्फ को काटते हुए मार्ग को साफ करने का कार्य करेगी।
बताया गया कि एक सप्ताह पूर्व भेजी गई रेकी टीम ने गोविंदघाट से हेमकुंट साहिब मार्ग का सर्वेक्षण किया था। सर्वेक्षण में हेमकुंट साहिब और अटलकोटी ग्लेशियर क्षेत्र में 8 फीट से अधिक बर्फ जमी पाई गई, जिससे मार्ग पूरी तरह बाधित था।
सेना के जवानों और सेवादारों के संयुक्त प्रयासों से उम्मीद जताई जा रही है कि अगले तीन सप्ताह के भीतर मार्ग को पूरी तरह साफ कर लिया जाएगा, जिससे तीर्थयात्रियों के लिए आवागमन सुरक्षित हो सकेगा।
गौरतलब है कि शनिवार, 23 मई को हेमकुंट साहिब के पवित्र कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके मद्देनजर प्रशासन और संबंधित संस्थाएं व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हुई हैं।
