हेमकुंड साहिब यात्रा के दूसरे चरण में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के बीच पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने हेमकुंड साहिब और घांघरिया में सुरक्षा एवं यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद कर सुविधाओं और सुरक्षा को लेकर फीडबैक लिया। इस वर्ष अब तक 3.65 लाख श्रद्धालु हेमकुंड साहिब पहुंच चुके हैं।
एसपी ने गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया और प्रबंधन समिति के सदस्यों से यात्रा के अंतिम चरण की व्यवस्थाओं पर चर्चा की। उन्होंने श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
घांघरिया चौकी के निरीक्षण के दौरान एसपी ने जवानों की समस्याएं सुनीं और बैरक, मैस व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस, होमगार्ड, पीआरडी और एसडीआरएफ जवानों से यात्रा की चुनौतियों की जानकारी लेते हुए उन्हें सतर्क रहने और आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के निर्देश दिए।
10 अक्तूबर को हेमकुंड साहिब के कपाट बंद होने और संभावित वीवीआईपी आगमन को देखते हुए उन्होंने सुरक्षा तैयारियां पहले से पूरी करने को कहा। कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी कर रहे जवानों के साथ भोजन कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
उन्होंने घोड़ा-खच्चर संचालन, सफाई और हेली सेवा व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।

